गोघाट के मान्दारण में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, जांच शुरू
हुगली, 11 अप्रैल (हि. स.)। जिले के गोघाट थाना क्षेत्र के मान्दारण इलाके के एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शेख अबू साना हुसैन के रूप में हुई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, युवक शुक्रवार को अपने कुछ साथियों के साथ काम के सिलसिले में विष्णुपुर जाने के लिए घर से निकला था। परिवार का आरोप है कि इसके बाद से ही उसका संपर्क टूट गया और काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका।
शनिवार को जयपुर जंगल के पास एक नहर से उसका शव बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला अस्वाभाविक मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
इधर, मृतक के परिजनों ने उसके साथ गए लोगों की भूमिका पर संदेह जताया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और युवक के साथ गए व्यक्तियों की तलाश की जा रही है।
घटना को लेकर मान्दारण और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

