खिड़की-दरवाजे तोड़कर स्कूल में घुसे बदमाश, कोलकाता के बालिका विद्यालय में तांडव
कोलकाता, 23 मई (हि.स.)। दक्षिण कोलकाता के गड़ियाहाट थाना क्षेत्र स्थित कमला चटर्जी गर्ल्स हाई स्कूल में शनिवार तड़के कथित रूप से एक दल बदमाशों ने घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। घटना को लेकर स्कूल प्रशासन में भारी चिंता का माहौल है।
स्कूल सूत्रों के अनुसार, घटना तड़के करीब साढ़े चार बजे की है। आरोप है कि कुछ युवक स्कूल का मुख्य फाटक लांघकर परिसर में घुस आए और वहां मौजूद एक भवन में तोड़फोड़ शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने सुबह ही गड़ियाहाट थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
स्कूल प्रशासन का कहना है कि जिस भवन में तोड़फोड़ की गई, वह स्कूल की अपनी संपत्ति नहीं है। उस भवन को किराये पर लेकर प्राथमिक और माध्यमिक कक्षाएं संचालित की जाती हैं। बदमाशों ने उसी हिस्से को निशाना बनाया।
स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कथित तौर पर पूरी घटना कैद हुई है। फुटेज में देखा गया है कि तड़के कुछ युवक स्कूल के मुख्य द्वार को पार कर अंदर प्रवेश कर रहे हैं। इसके बाद वे भवन के भीतर घुसकर तोड़फोड़ करते दिखाई दे रहे हैं।
जिला स्कूल शिक्षा विभाग के सूत्रों के मुताबिक, आगामी सोमवार को प्रधानाध्यापिका से बातचीत कर आगे की कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

