खानाकुल में माओवादी पोस्टर मिलने से हड़कंप, इलाके में बढ़ी पुलिस गश्त
हुगली, 28 मई (हि. स.)। खानाकुल विधानसभा क्षेत्र के पलाशपाई-1 ग्राम पंचायत अंतर्गत मोस्तफापुर इलाके में बुधवार देर रात माओवादियों के नाम से लगाए गए एक धमकी भरे पोस्टर मिलने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने यह पोस्टर देखा।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पोस्टर में कुछ लोगों को सीधे तौर पर धमकी दी गई है। आरोप है कि पोस्टर में जान से मारने तक की चेतावनी भी लिखी गई है। पोस्टर पर माओवादियों का नाम इस्तेमाल किए जाने से लोगों में चिंता और भय बढ़ गया है।
गुरुवार सुबह पोस्टर की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। इलाके में इस बात को लेकर चर्चा शुरू हो गई कि पोस्टर किसने लगाया और इसके पीछे क्या मकसद हो सकता है।
घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और पोस्टर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए मोस्तफापुर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा लगातार गश्त की जा रही है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पोस्टर की भाषा, लिखावट और इसके पीछे किसी संगठित गिरोह की भूमिका है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस घटना को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों के एक वर्ग का आरोप है कि इलाके में डर और अशांति फैलाने के उद्देश्य से इस तरह का पोस्टर लगाया गया है।
हालांकि अभी तक पुलिस ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि पोस्टर लगाने के पीछे कौन लोग शामिल हैं। प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले पर कड़ी नजर रखी जा रही है और जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

