खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन का बड़ा अभियान, दो रेस्टोरेंट को नोटिस
सिलीगुड़ी, 2 सितंबर (हि.स.)। शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने बुधवार को विशेष अभियान चलाया है। माटीगाड़ा स्थित एक बड़े शॉपिंग मॉल में पुलिस कमिश्नर, दार्जिलिंग के जिलाधिकारी, एसडीओ और खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने आठ रेस्टोरेंट, पब और बार का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने खाने की गुणवत्ता, खाद्य सामग्री, साफ-सफाई, भंडारण व्यवस्था और जरूरी दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान दो प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किया गया है।
जिलाधिकारी हरिशंकर पानीकर ने कहा कि नियमों में लापरवाही मिलने पर आगे कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा ने कहा कि आम लोगों को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से खाद्य गुणवत्ता को लेकर किसी भी शिकायत की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

