home page

खाड़ी में बने निम्न दबाव से बंगाल में बारिश बढ़ने के आसार

 | 
खाड़ी में बने निम्न दबाव से बंगाल में बारिश बढ़ने के आसार


कोलकाता, 22 सितंबर (हि.स.)। आश्विन महीने की शुरुआत के बावजूद पश्चिम बंगाल में बारिश का दौर थमता नजर नहीं आ रहा है। उत्तर अंडमान सागर के ऊपर सक्रिय मौसम तंत्र के प्रभाव से मंगलवार को दक्षिण बंगाल के कई जिलों में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही उमस भी बनी रहेगी।

कोलकाता में मंगलवार को दोपहर बाद गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हवा में नमी 77 से 93 प्रतिशत तक रह सकती है, जिससे लोगों को उमस का सामना करना पड़ेगा।

पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना, हावड़ा और हुगली में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। इन इलाकों में हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर अंडमान सागर के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र और मजबूत हुआ है। इसके आंध्र प्रदेश और ओडिशा तट की ओर बढ़ने की संभावना है। हालांकि, इसके प्रभाव से पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में बुधवार और गुरुवार को बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग इस सिस्टम की लगातार निगरानी कर रहा है।

उत्तर बंगाल के अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार में मंगलवार और बुधवार को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। गुरुवार से उत्तर बंगाल के ऊपरी जिलों में फिर से भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने गरज-चमक और वज्रपात के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर नहीं रहने तथा सुरक्षित पक्के भवनों में शरण लेने की सलाह दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता