खड़गपुर मंडल में हिंदी पखवाड़ा-2026 का उत्साहपूर्ण शुभारंभ
खड़गपुर, 14 सितंबर (हि. स.)। दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल में सोमवार को हिंदी पखवाड़ा-2026 का उत्साहपूर्ण वातावरण में शुभारंभ हुआ। हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग और राजभाषा के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंडल में 14 से 28 सितंबर तक विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं, कार्यशालाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक, खड़गपुर ने किया। इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग तथा राजभाषा के रूप में हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रेरित किया गया।
पखवाड़े के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए हिंदी सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी, हिंदी वाक् प्रतियोगिता, हिंदी निबंध लेखन, आशुभाषण तथा हिंदी टिप्पणी-प्रारूप लेखन सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। कर्मचारियों के बच्चों के लिए भी ‘मोबाइल की दुनिया और बदलता बचपन’ विषय पर विशेष प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
इस वर्ष हिंदी निबंध प्रतियोगिता के लिए ‘विकसित भारत के निर्माण में भारतीय रेल की भूमिका’, ‘कार्यस्थल पर तकनीक तथा मानवीय संवेदना’, ‘एक राष्ट्र, अनेक भाषाएं—हिंदी की भूमिका’ तथा ‘डिजिटल युग में हिंदी का बदलता स्वरूप’ जैसे समसामयिक विषय निर्धारित किए गए हैं।
हिंदी पखवाड़े का समापन 28 सितंबर को समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के साथ होगा। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे तथा हिंदी के प्रति उत्कृष्ट योगदान को प्रोत्साहित किया जाएगा।
खड़गपुर मंडल का यह प्रयास कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ाने, राजभाषा के प्रति सकारात्मक वातावरण विकसित करने तथा रेलकर्मियों में हिंदी के प्रति रुचि एवं सृजनात्मकता को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

