home page

कोलकाता में कांग्रेस की सभा में जाने से रोकने का आरोप, भाजपा पर बरसे कांग्रेस नेता

 | 
कोलकाता में कांग्रेस की सभा में जाने से रोकने का आरोप, भाजपा पर बरसे कांग्रेस नेता


हुगली, 21 जुलाई (हि.स.)। कोलकाता के शहीद मीनार मैदान में आयोजित कांग्रेस की सभा में शामिल होने जा रहे पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को रास्ते में रोकने का आरोप भाजपा कार्यकर्ताओं पर लगा है। मंगलवार को आरामबाग बस स्टैंड क्षेत्र में इस घटना को लेकर कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, कोतुलपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष उदय सामंत सहित कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता एक वाहन से कोलकाता जा रहे थे। वाहन पर कांग्रेस का झंडा लगा हुआ था। आरोप है कि आरामबाग बस स्टैंड पहुंचते ही कुछ लोगों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद वाहन को रोक दिया गया और उसे वापस लौटना पड़ा।

भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कांग्रेस का झंडा लगाकर तृणमूल कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता कोलकाता की सभा में जा रहे थे। उनका कहना है कि इसी संदेह के आधार पर वाहन को आगे नहीं जाने दिया गया। इस दौरान कथित भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य की पूर्ववर्ती सरकारों को लेकर भी कई आरोप लगाए।

वहीं, कांग्रेस नेताओं ने भाजपा के आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि वे कांग्रेस के प्रतिनिधि के रूप में पार्टी की सभा में शामिल होने जा रहे थे। उन्होंने कहा कि लंबे समय से कांग्रेस पश्चिम बंगाल की सत्ता में नहीं है, इसलिए भाजपा का आरोप तथ्यहीन और राजनीतिक रूप से प्रेरित है।

घटना को लेकर कुछ समय तक आरामबाग बस स्टैंड क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही। हालांकि बाद में हालात सामान्य हो गए। इस घटना के बाद राजनीतिक हलकों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है और दोनों पक्ष अपने-अपने दावों पर कायम हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय