कूचबिहार में तृणमूल पार्षद गिरफ्तार, कोर्ट में लगे ‘चोर-चोर’ के नारे
कूचबिहार, 22 मई (हि. स.)। जिले में चुनावी माहौल के बीच तृणमूल कांग्रेस के वार्ड नंबर दो के पार्षद उज्ज्वल तर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार शाम को कोतवाली थाना पुलिस ने उन्हें उनके घर से गिरफ्तार किया।
शुक्रवार को कोर्ट में पेशी के दौरान माहौल उस समय गरमा गया जब अदालत में प्रवेश करते वक्त कुछ लोगों ने उन्हें घेरकर ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए। इस घटना ने जिले की राजनीति में हलचल मचा दी है।
मामला चुनाव से एक दिन पहले का है जब कूचबिहार दक्षिण सीट से भाजपा उम्मीदवार रथींद्रनाथ बोस एक बीमार महिला कार्यकर्ता के घर पहुंचे थे। आरोप है कि उसी दौरान उज्ज्वल तर और उनके समर्थकों ने वहां पहुंचकर पैसे बांटने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया और उन्हें वहां से जाने पर मजबूर किया।
इसके बाद रथींद्रनाथ बोस ने चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई, जबकि महिला कार्यकर्ता ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दी। उसी आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उज्ज्वल तर को गिरफ्तार किया।
पार्षद के परिवार का आरोप है कि पुलिस बिना किसी नोटिस के जबरन घर में घुसकर उन्हें उठा ले गई।
शुक्रवार को कोर्ट में पेशी के बाद न्यायालय ने उज्ज्वल तर को ग्यारह दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
इस गिरफ्तारी के बाद इलाके में राजनीतिक तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

