कूचबिहार पंचानन बर्मा विश्वविद्यालय के प्रोफेसर कार्तिक दास बर्खास्त
कूचबिहार, 06 नवंबर (हि. स.)। कूचबिहार के पंचानन बर्मा विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग के प्रोफेसर कार्तिक दास को बर्खास्त कर दिया गया है। विश्वविद्यालय की कार्यकारी समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया है। विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार माधवचंद्र अधिकारी ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की है।
रजिस्ट्रार ने बताया कि इस संबंध में आधिकारिक पत्र उनके आवास और ई-मेल के माध्यम से भेजा जाएगा।
गौरतलब है कि नियुक्ति में कथित अनियमितता को लेकर पंचानन बर्मा विश्वविद्यालय पहले भी विवादों में रहा है। वर्ष 2018 में अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर पद पर कार्तिक दास की नियुक्ति हुई थी। हालांकि, उनके जाति प्रमाणपत्र को लेकर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा समेत कई संगठनों ने सवाल उठाए थे।मामले की जांच के बाद कूचबिहार सदर के एसडीओ गोविंद नंदी ने उनका जाति प्रमाणपत्र रद्द कर दिया था। जांच में प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया को नियमों के अनुरूप नहीं पाया गया था। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने कार्तिक दास को कारण बताओ नोटिस जारी किया था।
आरोप है कि नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद विश्वविद्यालय ने उन्हें बर्खास्त करने का फैसला लिया। वहीं, इस संबंध में कार्तिक दास से कई बार फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

