home page

काटवा में नाव से गिरकर डूबा 11वीं का छात्र, तलाश जारी

 | 
काटवा में नाव से गिरकर डूबा 11वीं का छात्र, तलाश जारी


पूर्व बर्दवान, 26 मार्च (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के काटवा में गुरुवार को ट्यूशन से घर लौट रहे 11वीं कक्षा का एक छात्र की नदी में डूब गया। घटना काटवा-बल्लभपाड़ा फेरीघाट पर हुई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने मल्लाह और घाट प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। छात्र की पहचान नदिया जिले के बल्लभपाड़ा निवासी आकाश साहा के रूप में हुई है।

सूत्रों के अनुसार, वह गुरुवार सुबह ट्यूशन पढ़कर रोज की तरह नाव से घर लौट रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी में गिर गया।

प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि नदी में गिरने के बाद उसे बचाने की कोई तत्काल कोशिश नहीं की गई। बताया गया कि नाव पर लाइफ जैकेट मौजूद थे, लेकिन जब छात्र डूब रहा था तब उसे बचाने के लिए एक भी लाइफ जैकेट नहीं फेंका गया।

घटना के एक चश्मदीद जॉनी मोल्ला ने बताया कि छात्र बैग लेकर नाव में बैठा था और अचानक पानी में गिर गया। उन्होंने कहा कि हम पास के घाट पर थे और उम्मीद कर रहे थे कि नाव पर मौजूद लोग या मल्लाह उसे बचा लेंगे। जब कोई प्रयास नहीं हुआ, तो हम दो लोग नदी में कूदे, लेकिन जब तक हम उसके करीब पहुंचे, वह पानी में डूब चुका था।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि घाट पर इस तरह की घटनाएं पहले भी होती रही हैं, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद कोई सुधार नहीं किया गया। गुस्साए लोगों ने फेरीघाट को बंद कर कुछ समय तक विरोध प्रदर्शन किया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद आपदा प्रबंधन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और छात्र की तलाश शुरू की गई। पता लगाया जा रहा है कि बचाव में देरी क्यों हुई तथा घाट प्रबंधन की कोई लापरवाही थी या नहीं।

------------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय