home page

कांग्रेस उम्मीदवार के काफिले पर हमले का आरोप, तृणमूल ने आरोपों से किया इनकार

 | 

उत्तर दिनाजपुर, 14 अप्रैल (हि. स.)। जिले में कांग्रेस उम्मीदवार के प्रचार के दौरान उनकी गाड़ी पर हमले का आरोप सामने आया है। यह घटना मंगलवार दोपहर चोपड़ा थाना क्षेत्र के मझियाली ग्राम पंचायत के विश्वासटली इलाके में हुई।

मिली जानकारी के अनुसार, कांग्रेस उम्मीदवार जाकिर आबेदिन प्रचार अभियान के तहत वाहन से इलाके में घूम रहे थे। आरोप है कि अचानक कुछ युवकों ने उनकी गाड़ी को निशाना बनाते हुए ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थकों का दावा है कि इस हमले में गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

चोपड़ा ब्लॉक कांग्रेस नेतृत्व ने आरोप लगाया कि तृणमूल कार्यकर्ताओं ने प्रचार के दौरान उनके उम्मीदवार की गाड़ी पर हमला किया। हालांकि, स्थानीय तृणमूल नेतृत्व ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इलाके में गड़बड़ी की सूचना पाकर पुलिस बल को मौके पर भेजा गया है। स्थिति पर नजर रखी जा रही है और मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय