कर्णसुबर्ण रेल हादसा : मृतकों के परिजनों से मिले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, पांच लाख मुआवजे का ऐलान
मुर्शिदाबाद, 23 जुलाई (हि. स.)। जिले के कर्णसुबर्ण रेल फाटक हादसे में जान गंवाने वाले चार बच्चों समेत पांच मृतकों के परिजनों से मिलने के लिए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी गुरुवार को कर्णसुबर्ण पहुंचे और सबसे पहले शोकाकुल परिवारों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
परिजनों से मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि फूल जैसे मासूम बच्चों की मौत पर दुख व्यक्त करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। पैसे से इस क्षति की भरपाई नहीं हो सकती, लेकिन सरकार अपनी जिम्मेदारी निभा रही है। व्यक्तिगत रूप से मेरे पास आंसुओं के अलावा देने के लिए कुछ नहीं है।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार मृतकों के प्रत्येक परिवार को पांच लाख और घायलों को एक लाख की आर्थिक सहायता देगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आर्थिक मदद के अलावा भी सरकार पीड़ित परिवारों के साथ हरसंभव सहयोग करेगी।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में रेलवे और पुलिस ने उन्हें बताया है कि रेल फाटक कर्मी की घोर लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने इसे अक्षम्य अपराध बताते हुए दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा, मैं वादा करता हूं कि दोषी को कठोरतम दंड मिलेगा। परिवारों ने मुझसे कुछ अन्य मांगें भी रखी हैं, जिन्हें पूरा करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि 17 जुलाई को मुर्शिदाबाद के कर्णसुबर्ण रेलवे फाटक पर रेलगेट खुला होने के दौरान एक तेज रफ्तार ट्रेन ने स्कूल वैन (पुलकार) और एक साइकिल को टक्कर मार दी थी। इस भीषण हादसे में चार स्कूली बच्चों सहित पांच लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। जांच में सामने आया कि ड्यूटी पर तैनात गेटमैन कथित रूप से नशे की हालत में था और समय पर रेलवे फाटक बंद नहीं कर पाया। घटना के दिन ही उसे निलंबित कर दिया गया था और बाद में बहरमपुर थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

