home page

औद्योगिकीकरण से स्थानीय रोजगार बढ़ाने पर जोर, पलायन रोकना सरकार की प्राथमिकता

 | 
औद्योगिकीकरण से स्थानीय रोजगार बढ़ाने पर जोर, पलायन रोकना सरकार की प्राथमिकता


पुरुलिया, 17 अगस्त (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता तेजी से औद्योगिकीकरण को बढ़ावा देना, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करना और काम की तलाश में दूसरे राज्यों में जाने वाले श्रमिकों का पलायन रोकना है। उन्होंने कहा कि नई औद्योगिक परियोजनाओं से राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने सोमवार को पुरुलिया जिले के रघुनाथपुर के दुर्मुट गांव में अमित मेटलिक्स के चार हजार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले एकीकृत इस्पात संयंत्र की आधारशिला रखी। 148 एकड़ क्षेत्र में स्थापित होने वाली इस परियोजना से करीब 10 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अमित मेटलिक्स का कारखाना एक वर्ष के भीतर पूरी तरह चालू हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि मेजिया में हाल ही में शुरू की गई 15 हजार करोड़ रुपये की श्याम स्टील परियोजना से भी करीब 10 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। दोनों परियोजनाएं पुरुलिया और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खोलेंगी। स्थानीय और अकुशल श्रमिकों को भी इन परियोजनाओं से रोजगार मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में औद्योगिक विस्तार का दौर जारी है। हाल में लक्स की 600 करोड़ रुपये की विस्तार परियोजना की आधारशिला रखी गई है। इसके अलावा हावड़ा में देश का सबसे बड़ा दही निर्माण संयंत्र भी विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के आर्थिक विकास को गति देने के लिए जल्द ही नई निवेश एवं भूमि नीति जारी की जाएगी।

प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को बालू की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी बालू खनन घाटों का संचालन पूरी तरह कानूनी नियमों के तहत होना चाहिए। अवैध गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने पुरुलिया में पर्यटन विकास पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिले में प्रस्तावित पर्यटन परियोजनाओं से स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

उन्होंने नौ मई 2027 को अपनी सरकार के कार्यकाल का पहला वर्ष पूरा होने का उल्लेख करते हुए जनता से सरकार के कामकाज का मूल्यांकन करने को कहा। उन्होंने कहा कि यदि जनता उनके सरकार के प्रदर्शन को 10 में से नौ से कम अंक देती है तो वह हाथ जोड़कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगेंगे।

भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और राजनीतिक दलों को चेतावनी दी। उन्होंने जामबनी के प्रखंड विकास अधिकारी तथा आसनसोल में दो मोटर वाहन निरीक्षकों की रिश्वत के आरोप में हुई गिरफ्तारी का उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने लोगों से परियोजनाओं या किसी समूह के नाम पर जबरन वसूली की मांग होने पर सीधे उन्हें जानकारी देने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत पुरुलिया में नागरिक हवाई अड्डा स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता