home page

एक सितंबर से कचरा फेंकने और सिंगल-यूज प्लास्टिक पर जुर्माना, सिलीगुड़ी बनेगा ‘हिमालयन हिल सिटी’

 | 
एक सितंबर से कचरा फेंकने और सिंगल-यूज प्लास्टिक पर जुर्माना, सिलीगुड़ी बनेगा ‘हिमालयन हिल सिटी’


सिलीगुड़ी, 07 जून (हि. स.)। राज्य की नगर विकास एवं महिला व बाल कल्याण मंत्री अग्निमित्रा पाल ने उत्तरकन्या से बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि एक सितंबर से सड़कों पर कहीं भी कचरा फेंकने और सिंगल-यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर जुर्माना लगाया जाएगा। शहर को साफ और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए सरकार सख्त कदम उठाने जा रही है। रविवार को उत्तरकन्या में प्रशासनिक बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री ने यह घोषणा की।

उन्होंने बताया कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा उत्तर बंगाल के पांच शहर—सिलीगुड़ी, दार्जिलिंग, कर्सियांग, कालिम्पोंग और मिरिक को मिलाकर ‘हिमालयन हिल सिटी’ बनाने की योजना पर काम किया जा रहा है।

इस परियोजना के तहत पर्यटन, शहरी बुनियादी ढांचे, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक नागरिक सुविधाओं को विकसित किया जाएगा। बैठक में विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति, महिला और बाल कल्याण, जल निकासी, पेयजल, कचरा प्रबंधन और अन्य नागरिक सेवाओं की समीक्षा की गई।

इस बैठक में दार्जीलिंग सांसद राजू बिष्ट, जलपाईगुड़ी सांसद जयंत राय, विभिन्न जिलों के विधायक और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए और कहा कि उत्तर बंगाल के विकास को नई गति दी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार