उत्तरपाड़ा के पूर्व माकपा विधायक श्रुतिनाथ प्रहराज गिरफ्तार, चूंचुड़ा अदालत से मिली जमानत
हुगली, 25 अगस्त (हि. स.)। उत्तरपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व माकपा विधायक और वरिष्ठ नेता प्रोफेसर श्रुतिनाथ प्रहराज को पुलिस ने गिरफ्तार किया। चूंचुड़ा थाने की पुलिस ने सोमवार रात उन्हें उत्तरपाड़ा स्थित उनके घर से गिरफ्तार कर थाने ले गई। उनके साथ माकपा के दो कार्यकर्ताओं, कोन्नगर निवासी दीपक चक्रवर्ती और अनुपम चक्रवर्ती को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मंगलवार को तीनों को चूंचुड़ा अदालत में पेश किया, जहां से श्रुतिनाथ प्रहराज को जमानत मिल गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, तीनों पर गत 10 अगस्त को चूंचुड़ा घड़ी मोड़ पर कानून तोड़ो आंदोलन के दौरान अशांति फैलाने का आरोप है। उस दिन वामपंथी कार्यकर्ता और समर्थक पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर जिलाधिकारी कार्यालय की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे थे। घड़ी मोड़ पर पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया।
आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के अवरोध को तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया। घटना में कई वामपंथी कार्यकर्ता घायल हुए थे, जबकि दो पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की खबर थी।
घटना के दिन पुलिस ने 40 से अधिक वामपंथी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया था। बाद में रात में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य को छोड़ दिया गया। अगले दिन अदालत ने गिरफ्तार लोगों को जमानत दे दी थी।
इसी मामले की जांच के क्रम में पुलिस ने उत्तरपाड़ा के पूर्व माकपा विधायक श्रुतिनाथ प्रहराज समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया। हालांकि, अदालत में पेशी के बाद श्रुतिनाथ प्रहराज को जमानत मिल गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

