आरामबाग में फिर बम बरामद, इलाके में फैली दहशत
हुगली, 21 मई (हि.स.)। आरामबाग के कालिपुर मोड़ इलाके में बुधवार को एक बार फिर बम बरामद होने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय के पास स्थित एक अड्डाखाने में बम रखे होने की जानकारी लोगों को मिली। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत आरामबाग थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बमों को बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया। हालांकि, खबर लिखे जाने तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया था कि बम वहां किसने और किस उद्देश्य से रखे थे।
इस घटना को लेकर पूरे इलाके में भारी तनाव और दहशत का माहौल है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी आरामबाग बस स्टैंड और आरामबाग के 11 नंबर वार्ड में बम बरामद होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं से आम लोगों की चिंता बढ़ गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

