आरामबाग में पत्नी के हाथों पति की हत्या का आरोप, महिला गिरफ्तार
हुगली, 22 अगस्त (हि.स.)। आरामबाग के बातानाल ग्राम पंचायत अंतर्गत बैंगा उत्तरपाड़ा इलाके में पत्नी के कथित हमले में पति की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय पार्थ मलिक के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के परिवार की शिकायत के आधार पर उसकी पत्नी मधुमिता मलिक को गिरफ्तार किया है।
परिवार के अनुसार, पार्थ और मधुमिता के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था और कथित तौर पर मधुमिता अपने पति के साथ मारपीट भी करती थी। शनिवार सुबह मायके जाने को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद शुरू हुआ।
मृतक के परिवार का आरोप है कि विवाद के दौरान मधुमिता ने पार्थ पर नोड़़ा (मसाला पीसने का पत्थर) से हमला किया, जिसके बाद वह पास के एक जलाशय में गिर गए। वहीं उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आरामबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मधुमिता को पूछताछ के लिए थाने ले गई। बाद में पार्थ के परिवार की ओर से आरामबाग थाने में हत्या की शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मधुमिता मलिक को गिरफ्तार कर लिया।
घटना के बाद इलाके में तनाव और सनसनी का माहौल है। मृतक के परिवार और स्थानीय लोगों ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि आरोप साबित होता है तो दोषी को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारण और घटना की पूरी परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

