आरएमएस मैदान में कूड़े का ढेर, दुर्गा पूजा से पहले सफाई इंतजामों पर सवाल
हुगली, 01 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गापूजा से पहले श्रीरामपुर के गोपीनाथ सुपर मार्केट के पास स्थित आरएमएस मैदान में कूड़े का ढेर दिखाई देने से सफाई व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। गुरुवार को ली गई तस्वीरों में मैदान के आसपास कूड़ा जमा नजर आया। स्थानीय स्तर पर कूड़े से दुर्गंध फैलने की भी शिकायत है।
आरएमएस मैदान में दुर्गापूजा का आयोजन होता है और पूजा के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। आसपास बाजार और दुकानों के कारण यह इलाका पहले से ही काफी व्यस्त रहता है। ऐसे में पूजा से पहले कूड़े का जमा होना चिंता का विषय है।
इसी इलाके में प्रेस क्लब भी स्थित है। अब सवाल है कि दुर्गापूजा से पहले नगरपालिका कूड़े की सफाई और पूरे क्षेत्र की स्वच्छता को लेकर क्या कदम उठाती है।
स्थानीय लोगों का कहना कि तकरीबन एक पखवाड़े से यहां का कूड़ा नहीं उठा है। लोग पूछ रहे हैं कि कूड़ा कब हटेगा, सफाई कब होगी और पूजा से पहले आरएमएस मैदान को स्वच्छ बनाने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? खबर लिखे जाने तक इस मामले में नगरपालिका के किसी अधिकारी की प्रतिक्रिया नहीं मिली थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

