home page

आत्रेयी नदी में नहाने के दौरान डूबा किशोर, तलाश जारी

 | 
आत्रेयी नदी में नहाने के दौरान डूबा किशोर, तलाश जारी


बालुरघाट, 24 जुलाई (हि. स.)। दक्षिण दिनाजपुर जिले के बालुरघाट में शुक्रवार को आत्रेयी नदी में स्नान के दौरान 17 वर्षीय एक किशोर के डूबने से हड़कंप मच गया। सूचना पाकर पुलिस, जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और किशोर की तलाश शुरू की।

मिली जानकारी के अनुसार, डूबने वाले किशोर की पहचान साहिल कुमार (17) के रूप में हुई है। वह बिहार के नवादा जिले का निवासी था। बताया गया है कि साहिल अपने दो साथियों के साथ तारापीठ में पूजा-अर्चना करने गया था। गुरुवार रात पूजा के बाद तीनों युवक गलती से गलत ट्रेन में सवार हो गए और यात्रा के दौरान सो गए। सुबह नींद खुलने पर वे स्वयं को बालुरघाट में पाया।

वापसी की ट्रेन शाम को होने के कारण तीनों ने समय बिताने के लिए दोपहर में आत्रेयी नदी में स्नान करने का फैसला किया। स्नान के दौरान साहिल अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन नहीं बचा पाए। घटना की सूचना पाकर बालुरघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। जिला प्रशासन तथा आपदा प्रबंधन दल ने स्पीड बोट की मदद से नदी में व्यापक तलाशी अभियान चलाया।

समाचार लिखे जाने तक साहिल का शव बरामद नहीं हो सका था। पुलिस और बचाव दल उसकी तलाश में जुटे हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय