home page

अरोरा नहर के मरम्मत कार्य का एसडीओ और विधायक ने किया निरीक्षण

 | 
अरोरा नहर के मरम्मत कार्य का एसडीओ और विधायक ने किया निरीक्षण


हुगली, 08 जुलाई (हि. स.)। मानसून के दौरान संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने की तैयारियों के तहत बुधवार को बाढ़ प्रभावित खानाकुल क्षेत्र स्थित अरोरा नहर के मरम्मत एवं पुनर्संस्कार कार्य का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सिंचाई (इरिगेशन) विभाग के अधिकारियों के साथ आरामबाग के एसडीओ रवि कुमार मीणा तथा खानाकुल के विधायक सुषांत घोष भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नहर के मरम्मत कार्य की प्रगति, जल निकासी व्यवस्था तथा बरसात के समय जलजमाव की संभावित समस्याओं का जायजा लिया।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर मरम्मत कार्य पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।

इस अवसर पर एसडीओ और विधायक ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर क्षेत्र में जल निकासी से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान जलजमाव और बाढ़ की आशंका को कम करने के लिए प्रशासन आवश्यक कदम उठा रहा है।

स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि अरोरा नहर के मरम्मत कार्य के पूरा होने के बाद बरसात के मौसम में लंबे समय से चली आ रही जलजमाव और बाढ़ की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय