अभिषेक बनर्जी ने भाजपा प्रत्याशी पर लगाए गंभीर आरोप
जलपाईगुड़ी, 07 अप्रैल (हि. स.)। चुनावी माहौल के बीच तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने विपक्ष पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने मंगलवार को जिले के खारिजा बेरुबाड़ी-1 ग्राम पंचायत के मंडलघाट मोड़ इलाके में पार्टी उम्मीदवार कृष्ण दास के समर्थन में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया।
सभा के दौरान अभिषेक बनर्जी ने भाजपा उम्मीदवार अनंत देव अधिकारी पर व्यक्तिगत निशाना साधते हुए उन्हें “शराबी” बताया और महिलाओं के प्रति सम्मान न करने का आरोप लगाया। उनके इस बयान से राजनीतिक माहौल और गरमा गया है।
इस जनसभा में भारी भीड़ देखने को मिली, जिसमें जलपाईगुड़ी नगर पालिका के 25 वार्डों और दस ग्राम पंचायतों से हजारों समर्थक शामिल हुए।
अपने भाषण की शुरुआत में उन्होंने राजबंशी समुदाय के मतदाताओं को साधने पर जोर दिया और दावा किया कि कूचबिहार को आठवीं अनुसूची में शामिल करने के लिए राज्य सरकार ने केंद्र को प्रस्ताव भेजा है।
उन्होंने नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कूचबिहार में जनसभा करने के बावजूद उन्होंने प्रसिद्ध मदन मोहन मंदिर नहीं देखा, जिससे स्थानीय लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची। मंच पर इस दौरान जिलाध्यक्ष महुआ गोप, खगेश्वर राय, राजगंज उम्मीदवार स्वप्ना बर्मन और सैकत चटर्जी समेत कई नेता मौजूद रहे।
अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि जलपाईगुड़ी के विकास का पूरा हिसाब तृणमूल के पास है, जबकि भाजपा के पास दिखाने के लिए कुछ नहीं है। उनके इस तीखे बयान के बाद उत्तर बंगाल की राजनीति में बयानबाजी और तेज हो गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

