हल्द्वानी के तेजस का को लिम्का बुक से मिला प्रमाण पत्र
हल्द्वानी , 08 अप्रैल (हि.स.)। युवा प्रतिभाशाली खिलाड़ी तेजस तिवारी ने एक बार फिर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। तेजस को लिमका बुक ऑफ़ रिकार्ड की ओर से आधिकारिक प्रमाणपत्र प्राप्त हुआ है। यह प्रमाणपत्र उन्हें जून 2023 में मात्र 5 वर्ष, 5 महीने और 7 दिन की आयु में सबसे कम उम्र के एफआईडीई-रेटेड शतरंज खिलाड़ी बनने के रिकॉर्ड के लिए प्रदान किया गया।
हालांकि यह प्रमाणपत्र जून 2024 में जारी किया गया था, लेकिन तेजस को यह अप्रैल 2026 में प्राप्त हुआ, जिससे उनकी उपलब्धि की औपचारिक पुष्टि हो गई है। तेजस तिवारी ने मात्र 3.5 वर्ष की आयु से ही शतरंज खेलना शुरू कर दिया था और कम उम्र में ही अपने शानदार प्रदर्शन से देश-विदेश में पहचान बना ली है। इससे पहले भी तेजस वर्ष 2024 मेंगुइननेस वर्ड रिकॉर्ड से जुड़े एक अंतरराष्ट्रीय शतरंज टूर्नामेंट में भागीदारी के लिए गिनीज बुक की ओर से प्रमाणपत्र प्राप्त कर चुके हैं।
वर्तमान में तेजस तिवारी हल्द्वानी स्थित दीक्षांत इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा 3 के छात्र हैं और अपनी प्रतिभा से लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। तेजस की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी जा रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

