स्कूल से निकले तीन नाबालिग हरिद्वार में मिले, नगर कोतवाली पुलिस ने किया रेस्क्यू
हरिद्वार, 23 फ़रवरी (हि.स.)। नगर कोतवाली पुलिस ने गुरुग्राम हरियाणा से स्कूल जाने के लिए घर से 20 फरवरी को निकले तीन नाबालिगों को रेस्क्यू किया है। तीनों बच्चे घूमने की योजना बनाकर रेल से हरिद्वार पहुंचे। पुलिस ने बच्चों के परिजनों को सूचना दे दी है।
ऑपरेशन स्माइल के तहत लगातार पुलिस टीमें रेलवे स्टेशन, हर की पैड़ी व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भ्रमणशील रहकर बिना अभिभावकों के घूमते मिले बच्चों से पूछताछ एवं सत्यापन करती हैं। इसी क्रम में पुलिस टीम हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर चेकिंग पर थी। इसी दौरान तीन बालक संदिग्ध अवस्था में लावारिस घूमते मिले। प्रारंभिक पूछताछ में बच्चे संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए। पुलिस ने बच्चों की काउंसलिंग कर उन्हें बाल गृह ज्वालापुर में दाखिल कराया। पुनः काउंसलिंग के उपरांत बच्चों ने अपना नाम व पता बताया।
परिजनों से संपर्क करने पर ज्ञात हुआ कि बच्चे स्कूल के लिए घर से निकले थे। बच्चों के न लौटने पर थाना, गुरुग्राम (हरियाणा) में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। तीनों बालक कक्षा 6 के छात्र हैं, जो कि हरिओम इंटरनेशनल स्कूल खेड़की के विद्यार्थी हैं। स्कूल की छुट्टी के बाद बिना परिजनों को बताए रेल के माध्यम से हरिद्वार आ गए थे। रेस्क्यू किए गए बालक आर्यन पुत्र रोहित, उम्र 11 वर्ष, दीपक पुत्र मिन्नत राज, उम्र 12 वर्ष व मयंक पुत्र सुनील, उम्र 12 वर्ष, निवासीगण ग्राम खेड़की डोला, गुरुग्राम, हरियाणा बताए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

