home page

सेवा संकल्प अभियान में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई

 | 
सेवा संकल्प अभियान में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई


पौड़ी गढ़वाल, 07 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान एवं पोषण माह के तहत जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में जागरूकता और लाभार्थीपरक कार्यक्रम आयोजित किए गए। बाल विकास परियोजना कोट के आंगनबाड़ी केंद्र कुंडी में जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला ने दो गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर उन्हें पोषण टोकरी वितरित की। एक महिला को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट और किशोरियों को हैंडवॉश दिए गए।

बाल विकास परियोजना अधिकारी अंजू चमोली ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्थानीय फल, सब्जियां, अनाज और दालों को भोजन में शामिल करने की अपील की। सुपरवाइजर गीता ने गर्भावस्था के दौरान खानपान, स्वस्थ दिनचर्या और प्रसव पूर्व जांच के महत्व की जानकारी दी।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट और नंदा गौरा योजना की लाभार्थियों ने अपने अनुभव भी साझा किए।

वहीं आंगनबाड़ी केंद्र गहड़ पैडुल में पोषण माह और आंगन मिलन कार्यक्रम हुआ। कार्यकर्ताओं ने स्थानीय खाद्य सामग्री से रंगोली बनाने के साथ स्थानीय अनाज, दाल, फल और सब्जियों से तैयार व्यंजनों का प्रदर्शन किया। इस दौरान लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट, ट्रैक सूट, पाठ्य सामग्री और टी-शर्ट वितरित की गई। एक गर्भवती महिला की गोद भराई और दो बच्चों का प्रवेशोत्सव मनाया गया। किशोरियों को सेनेटरी पैड भी दिए गए।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान लक्ष्मी देवी, सीडीपीओ पौड़ी आशा रावत, एएनएम अनिता देवी, सुपरवाइजर सुषमा रावत सहित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, सहायिकाएं और आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह