home page

सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में उमड़े श्रद्धालु

 | 
सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में उमड़े श्रद्धालु


पौड़ी गढ़वाल, 20 जुलाई (हि.स.)। श्रावण मास के प्रथम सोमवार को जिला मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालयों में भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह तड़के से ही श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचने लगे और जल, बेलपत्र, धतूरा, भांग व पुष्प अर्पित कर विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना की।

जिला मुख्यालय में क्यूंकालेश्वर, लक्ष्मीनारायण और पाबौ के खुड्डेश्वर महादेव मंदिरों में दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और 'बम-बम भोले' के जयघोष से गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और क्षेत्र की खुशहाली की कामना करते हुए भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। वहीं, सतपुली स्थित दंगलेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। दूर-दराज़ के गांवों सहित स्थानीय क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचे। तड़के सुबह से ही मंदिर में पूजा-अर्चना का क्रम शुरू हो गया था। श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग, पुष्प और फल अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से अभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में भक्तों की सुविधा के लिए स्वयंसेवकों और मंदिर समिति के सदस्यों ने व्यवस्थाएं संभालीं।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह