home page

सनातन का अपमान करने वाली कांग्रेस को जनता से मांगनी चाहिए माफीः जपेंद्र

 | 
सनातन का अपमान करने वाली कांग्रेस को जनता से मांगनी चाहिए माफीः जपेंद्र


नई टिहरी, 03 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा ने कांग्रेस पर सनातन का अपमान करने का आरोप लगाया है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता कुंवर जपेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस को सनातन का अपमान करने का अधिकार किसने दिया है। कहा सनातन हिंदू धर्म की रीढ़ है।

सनातन सदियों से वेदों व पुराणों के आधार पर चल रही संस्कृति है। शनिवार को भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता करते हुए प्रदेश प्रवक्ता जपेंद्र ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सनातन परंपरा के तहत पितृपक्ष के दौरान जब अपने पिता के श्राद्ध करते हैं, तो कांग्रेसी उनके इस कार्य का मजाक उड़ाते हैं। जो सीएम धामी का नहीं बल्कि सनातन परंपरा का अपमान है।

कहा सनातन पर टिप्पणी करने का कांग्रेस को अधिकार नहीं। कांग्रेस सहित अन्य दलों में शामिल सनातनियों को इस कृत्य का जवाब देना चाहिए। कहा कि भाजपा ऐसा दल है, जो सनातन की परंपराओं को पूरी निष्ठा से निर्वहन करता है। ऐसे में कांग्रेस का सनातनियों पर प्रहार करना सदियों से चली आ रही परंपरा को नुकसान पहुंचाने का द्योतक है।

व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक लच्छु गुप्ता ने कहा कि विश्व में अपना लोहा मनवाने वाली सनातन परंपरा पर कांग्रेस ने कुठाराघात किया है। आने वाले समय में जनता इसका जवाब देगी। इस मौके पर जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र डोभाल, महामंत्री बलवंत रावत, कार्यालय प्रभारी जयेंद्र पंवार मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी