home page

सत्यापन अभियान के दौरान पुलिसकर्मी से मारपीट, महिला समेत चार गिरफ्तार

 | 
सत्यापन अभियान के दौरान पुलिसकर्मी से मारपीट, महिला समेत चार गिरफ्तार


हरिद्वार, 28 अगस्त (हि.स.)। सिडकुल थाना क्षेत्र में सत्यापन अभियान के दौरान पुलिसकर्मी से अभद्रता, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार 27 अगस्त को विशेष शाखा अभिसूचना विभाग में तैनात आरक्षी मनोज सैनी ने सिडकुल थाने में तहरीर दी थी। आरोप था कि सत्यापन कार्रवाई के दौरान सूरज कुमार, समीर और अन्य लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोपितों पर सरकारी दस्तावेज फाड़ने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप है। तहरीर के आधार पर सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों ने पुलिस को आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने 28 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर केविन केयर तिराहे के पास से चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपितों में समीर (22),निवासी नगीना,बिजनौर,हाल निवासी बैरियर नंबर छह, रानीपुर; आशु (20), निवासी नगीना,बिजनौर,हाल निवासी बैरियर नंबर छह, रानीपुर; सूरज कुमार (26), निवासी पटना, बिहार, हाल निवासी रोशनाबाद, सिडकुल और 25 वर्षीय एक महिला, निवासी लखीमपुर खीरी, हाल निवासी रोशनाबाद, सिडकुल शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला