home page

सड़क दुर्घटना में दो घायल, अस्पताल भिजवाया

 | 
सड़क दुर्घटना में दो घायल, अस्पताल भिजवाया


हरिद्वार, 06 मार्च (हि.स.)। बीएचईएल फाउंड्री गेट से भगत सिंह चौक के बीच शुक्रवार को एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार और एक चरवाहा घायल हो गए। मौके से गुजर रहे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह ने मानवता का परिचय देते हुए तुरंत रेस्क्यू कर घायलों को अस्पताल भिजवाया, जिससे समय पर इलाज मिलने से दोनों की जान बच गई।

जानकारी के अनुसार एसएसपी नवनीत सिंह वीवीआईपी ड्यूटी की व्यवस्थाओं की जांच और डी-ब्रीफिंग के लिए क्षेत्र का निरीक्षण करने जा रहे थे। इसी दौरान फाउंड्री गेट और भगत सिंह चौक के बीच सड़क पर दो लोग घायल अवस्था में पड़े दिखाई दिए।

प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ में पता चला कि एक चरवाहा अपनी बकरी के साथ सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान उसे बचाने के प्रयास में एक मोटरसाइकिल चालक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक पास से गुजर रहे ऑटो से टकरा गई। टक्कर में बाइक सवार अधिवक्ता संजय सैनी पुत्र इन्द्रराज सैनी(46वर्ष) निवासी हनुमंतपुरम कनखल के साथ-साथ चरवाहा महेंद्र पुत्र फूल सिंह निवासी विष्णु लोक कॉलोनी (60 वर्ष) भी घायल हो गया।

मौके पर मौजूद एसएसपी नवनीत सिंह ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को बुलाया और अपने मातहत पुलिसकर्मियों की मदद से दोनों घायलों को मेला अस्पताल भिजवाया। सूचना के बाद घायल बाइक सवार के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। दोनों घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है। इस दौरान एसएसपी की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की स्थानीय लोगों ने सराहना की।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला