श्री भगवानदास आदर्श संस्कृत महाविद्यालय में वार्षिकोत्सव का शुभारम्भ
हरिद्वार, 15 मार्च (हि.स.)। श्री भगवानदास आदर्श संस्कृत महाविद्यालय में रविवार,को त्रिदिवसीय वार्षिकोत्सव का शुभारम्भ किया गया। यह आयोजन 15 से 17 मार्च तक आयोजित होगा, जिसमें खेलकूद, योगासन तथा संस्कृत भाषण सहित विभिन्न प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएंगी।
समारोह का समापन 17 मार्च को अखिल भारतीय संस्कृत शोध सम्मेलन, प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित करने और विजेताओं को पुरस्कार वितरण के साथ किया जाएगा।
उद्घाटन सत्र में महाविद्यालय की प्रबंध समिति के अध्यक्ष प्रो. यशवीर सिंह ने प्रतिभागियों को आशीर्वाद देते हुए उन्हें उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में महामण्डलेश्वर स्वामी रूपेंद्र प्रकाश, प्रो. सत्यदेव निगमालंका, डॉ. वाजश्रवा आर्य (उपनिदेशक, उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा परिषद) तथा आचार्य नवीन पन्त की उपस्थिति रही।
महामंडलेश्वर स्वामी रूपेंद्र प्रकाश ने कहा कि महाविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं।
कार्यक्रम के अंत में प्रभारी प्राचार्य डॉ. रवीन्द्र कुमार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर शिक्षक, कर्मचारी तथा विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएँ बड़ीसंख्या में उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

