home page

श्री गुरु गोरखनाथ अटल अखाड़ा में तीन संत बने महामण्डलेश्वर, कनखल में हुआ पट्टाभिषेक

 | 
श्री गुरु गोरखनाथ अटल अखाड़ा में तीन संत बने महामण्डलेश्वर, कनखल में हुआ पट्टाभिषेक


हरिद्वार, 31 मार्च (हि.स.)। श्री गुरु गोरखनाथ अटल अखाड़ा द्वारा आयोजित एक भव्य समारोह में तीन संतों को अखाड़े के महामण्डलेश्वर पद पर अभिषिक्त किया गया। कार्यक्रम कनखल क्षेत्र में आयोजित हुआ, जहां डॉ. हर्षिता, कौशिका और संदीप शास्त्री को विधिवत पट्टाभिषेक कर महामण्डलेश्वर की उपाधि प्रदान की गई।

समारोह स्वामी ओम सांईमानाथ महाराज और संजीवन नाथ महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ तीनों संतों को अखाड़े की परंपरा के अनुसार महामण्डलेश्वर पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।

इस अवसर पर संजीवन नाथ महाराज ने नवअभिषिक्त महामण्डलेश्वरों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि वे श्री गुरु गोरखनाथ महाराज की शिक्षाओं और परंपराओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें व सनातन धर्म की ध्वजा को विश्वभर में ऊंचा रखें। उन्होंने कहा कि संत समाज का दायित्व है कि वह हर परिस्थिति में धर्म के मार्ग का अनुसरण करते हुए समाज को सही दिशा प्रदान करे।

स्वामी ओम सांईमानाथ महाराज ने भी तीनों महामण्डलेश्वरों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और धर्म व समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में महामण्डलेश्वर अरूणनाथ महाराज (कानपुर), छोटूनाथ महाराज (जयपुर) सहित अनेक संत-महात्मा, श्रद्धालु और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह में बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लेकर नवअभिषिक्त संतों को शुभकामनाएं दीं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला