home page

शिविर में दी संवैधानिक अधिकारों की जानकारी

 | 
शिविर में दी संवैधानिक अधिकारों की जानकारी


पौड़ी गढ़वाल, 23 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय विद्यालय पौड़ी में पौड़ी परिसर के विधि विभाग द्वारा विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली छात्रों को उनके अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना रहा।

शिविर के दौरान विधि के छात्र-छात्राओं ने विद्यार्थियों को संवैधानिक अधिकारों, मोबाइल फोन के फायदे एवं नुकसान, उपभोक्ता फोरम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने सरल एवं प्रभावी तरीके से विद्यार्थियों को उनके दैनिक जीवन में कानून के महत्व और उपयोगिता के बारे में समझाया।

गुरुवार को स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में स्कूल की प्रधानाचार्य अनिता बिष्ट ने छात्रों को ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों से अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। विधि विभागाध्यक्ष डा. राम प्रकाश ने विधिक ज्ञान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हर नागरिक को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है।

इस अवसर पर मुकेश रावत, निखिल, विजय साहनी, मोनिका, सोना, पंकज सहित अनेक विधि छात्र-छात्राओं में राजेश चमोली, नितिन रावत, ऋत्विक असवाल, श्रेया नेगी, खुशबू भट्ट, प्रज्ञा, विवेक रावत, युवराज, सागर आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह