शासन-प्रशासन एवं प्रेस का एक ही उद्देश्य, समाज के प्रत्येक नागरिक का जीवन खुशहाल बनाना : मुख्य सचिव
हरिद्वार, 02 अप्रैल (हि.स.)। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने प्रेस क्लब हरिद्वार के नवनिर्वाचित कार्यकारणी के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर मुख्य सचिव ने नव निर्वाचित प्रेस क्लब के अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी, महासचिव सूर्यकांत बेलवाल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविंद्र पूरी महाराज ने कार्यकारणी के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों जिसमें दीपक मिश्रा, देवेंद्र शर्मा उपाध्यक्ष, कुलभूषण शर्मा, जोगेंद्र सिंह मावी सचिव, महताब आलम सांस्कृतिक समारोह सचिव, तनवीर अली प्रचार सचिव, काशीराम सैनी को कोषाध्यक्ष पद की गोपनीयता की शपथ दिलाई।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने नवनिर्वाचित कार्यकारणी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई, जिसमें संजीव शर्मा, डॉ शिवा अग्रवाल, कुमार दुष्यंत, ठाकुर शैलेंद्र सिंह, कुमकुम शर्मा, सुदेश आर्य, बालकृष्ण शास्त्री, केके पालीवाल, अमित कुमार शर्मा, ललितेंद्र नाथ, रोहित सिखौला, विकास चौहान, नरेश दीवान शैली, आफताब खान, शिव प्रकाश शिव शामिल है।
कार्यक्रम संबोधित करते हुए मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने प्रेस क्लब हरिद्वार के नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाए दी तथा सभी को हनुमान जयंती की भी शुभकामाए दी। उन्होंने कहा कि प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है,जो समाज के हित में कार्य कर रहे है। प्रेस प्रतिनिधि जमीन से जुड़े हुए है तथा उनके द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी महत्वपूर्ण है,जिसके माध्यम से आम जनमानस की समस्याओं का तत्परता से निराकरण किया जायेगा।
उन्होंने कहा शासन प्रशासन एवं प्रेस का एक ही उद्देश्य है कि आम नागरिक का जीवन खुशहाल बनाना है, इसके लिए यह जरूरी है कि प्रेस एवं शासन-प्रशासन को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना है।
उन्होंने कहा कि आज इंटरनेट एवं सोशल मीडिया का प्रभाव इतना बढ़ गया है कि तत्काल दुनिया भर में खबर पहुंच जाती है,जिसके लिए खबर की सत्यता का भी होना आवश्यक है, ऐसे में प्रेस की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।
उन्होंने कहा कि 2027 का कुंभ दिव्य एवं भव्य ढंग से आयोजित किया जाएगा। इसमें सभी को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता है।
प्रेस क्लब हरिद्वार द्वारा मुख्य अतिथि मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, विशिष्ट अतिथि निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविंद्र पूरी महाराज, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर को स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंटकर स्वागत किया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

