home page

व्यवसाय शुरू करें छात्र, प्रशासन करेगा मदद

 | 
व्यवसाय शुरू करें छात्र, प्रशासन करेगा मदद


पौड़ी गढ़वाल, 25 अगस्त (हि.स.)। युवाओं को स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ाने और उनमें उद्यमशीलता की सोच विकसित करने के उद्देश्य से मंगलवार को बीजीआर परिसर, पौड़ी में उद्यमिता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश में जिला उद्योग केंद्र, कोटद्वार की ओर से आयोजित प्रशिक्षण में छात्र-छात्राओं को व्यवसाय शुरू करने से लेकर सरकारी सहायता प्राप्त करने तक की महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

कार्यक्रम में सहायक प्रबंधक नीरज नेगी, बिजेन्द्र सिंह और अंकित सिंह ने विद्यार्थियों को बताया कि किसी भी उद्यम की सफलता के लिए बेहतर कार्ययोजना, बाजार की जरूरतों की समझ, संसाधनों का उचित उपयोग और आवश्यक कौशल का होना जरूरी है। विद्यार्थियों को व्यवसायिक विचार को उद्यम में बदलने, उद्यम का पंजीकरण कराने और विभिन्न औपचारिक प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं से भी अवगत कराया गया। इसमें ऋण सुविधा, अनुदान, वित्तीय सहायता और उद्यम स्थापना से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप व्यवसायिक क्षेत्र चुनने के लिए प्रेरित किया गया।

प्रशिक्षकों ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के लिए रोजगार तलाशने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर पैदा करना भी जरूरी है। पर्वतीय क्षेत्रों में स्थानीय उत्पाद, कृषि, पर्यटन, हस्तशिल्प और सेवा क्षेत्र में छोटे स्तर से उद्यम शुरू कर उसे आगे बढ़ाने की अपार संभावनाएं हैं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उद्यमिता और स्वरोजगार से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान किया। इस अवसर पर बीजीआर परिसर के निदेशक उमेश चंद्र गैरोला, लीड बैंक अधिकारी किशन सिंह रावत, मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना कोटद्वार से सैन सिंह राणा, प्रो. अनूप पांडे, डॉ. नीलम नेगी, डॉ. सपना रावत सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह