विश्व पर्यावरण दिवस: नैनीताल प्राणी उद्यान में पौधरोपण एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन
नैनीताल, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नैनीताल प्राणी उद्यान में पौधरोपण, भाषण तथा नृत्य नाटिका प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। निदेशक प्राणी उद्यान एवं नैनीताल वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के लगभग 150 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण किया गया तथा भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई।
उप निदेशक स्वाति सहित विभिन्न विद्यालयों के अध्यापकों ने बांज, चिनार और पदम प्रजाति के पौधों का रोपण किया। द्वितीय सत्र में ‘भागीरथों पुनः उठो’ और ‘बायोडायवर्सिटी सॉन्ग’ विषयों पर नृत्य नाटिका प्रतियोगिता आयोजित की गयी, जिसके निर्णायक सतीश कुमार रहे। इस अवसर पर पृथ्वी दिवस 2026 के अंतर्गत आयोजित स्टोन पेंटिंग प्रतियोगिता तथा जैव विविधता दिवस 2026 के अंतर्गत आयोजित मास्क मेकिंग प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. रजनी रावत, बॉटनिस्ट, हिमालयन बॉटैनिकल गार्डन ने किया। इस अवसर पर वन क्षेत्राधिकारी आनंद लाल, वन दरोगा जगदीश कोरंगा, वन आरक्षी नितिन मुकेश, सिस्टम एनालिस्ट आनंद सिंह, फार्मासिस्ट विक्रम मेहरा, बायोलॉजिस्ट अनुज कांडपाल सहित प्राणी उद्यान के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रेमा जगाती सरस्वती विहार में पौधरोपण
नैनीताल। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार में पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान हरित पर्यावरण को बढ़ावा देने तथा प्रकृति संरक्षण के प्रति जनजागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न प्रजातियों के लगभग 150 पौधे रोपे गये।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सूर्य प्रकाश ने पौधरोपण कर किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष जीवन, स्वच्छ वायु और पर्यावरणीय संतुलन के आधार हैं व वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच पौधरोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहकर उनके संरक्षण, संवर्धन और नियमित देखभाल का भी संकल्प लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर ईश्वरी दत्त जोशी, अनिल शर्मा, विनोद सिंह रावत, प्रियांशु तथा पंकज माली सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने अभियान की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

