लौह पुरुष पटेल की 151वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता का संकल्प
ज्योतिर्मठ, 31 अक्टूबर (हि.स.)। श्री बदरीनाथ वेद-वेदाङ्ग स्नातकोत्तर संस्कृत महाविद्यालय ज्योतिर्मठ में भारत के लौहपुरुष एवं महान स्वतंत्रता सेनानी सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर भावपूर्ण स्मरण करते हुए राष्ट्रीय एकता का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया, इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य द्रवेश्वर प्रसाद थपलियाल ने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, अदम्य साहस एवं कुशल नेतृत्व के बल पर देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर भारत की राष्ट्रीय एकता एवं अखण्डता को सुदृढ़ करने में ऐतिहासिक योगदान दिया, उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, समर्पण, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा का अनुपम उदाहरण है।
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरदार पटेल के विचार एवं आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र की एकता, अखण्डता, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति सदैव सजग रहना चाहिए।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के सहायक प्रवक्ता प्रदीप पुरोहित, डॉ.आशीष भट्ट, जगदीश जोशी, डॉ.मनीष देवराड़ी, लिपिक श्री सतीश नेगी एवं अनीता कपरुवान सहित महाविद्यालय के कर्मचारीगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्र की एकता, अखण्डता एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा देश की एकता और सामाजिक समरसता के लिए सदैव समर्पित रहने का सामूहिक संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण

