लोनिवि मंत्री महाराज ने किया मसूरी, कोल्हूखेत, पानी वाले बैंड सड़क का औचक निरीक्षण
देहरादून, 24 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने मसूरी, कोल्हूखेत के पास पानी वाले बैंड से लगभग 200 मीटर जहां भारी बरसात के चलते हाल ही में पुश्ता दरकने से सड़क ढह गई थी उस स्थान का औचक निरीक्षण करने के साथ-साथ देहरादून-मसूरी राज्य मार्ग एक के किमी 18 में क्षतिग्रस्त सिंगल लेन सेतु के स्थान पर बन रहे डबल लेन सेतु निर्माण का भी निरिक्षण किया।
लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने शुक्रवार को दोनों स्थान पर पहुंच कर निर्माण कार्य का जायजा लेने के साथ साथ अधिकारियों को निर्देश दिए कि तय समय पर सड़क को दुरस्त करने के साथ-साथ सेतु का निर्माण किया जाना चाहिए ताकि यातायात सुचारू हो सके। उन्होंने बताया कि गत 20 जुलाई की रात्रि को देहरादून-मसूरी राज्य मार्ग एक में पानी वाले मोड के पास लगभग 20 मीटर लम्बाई में मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया था। जिससे मार्ग की चौडाई केवल 2.50 मीटर रह गयी थी। विभाग द्वारा तत्काल जेसीबी मशीनों से कार्य प्रारम्भ कर दिया गया था। वर्तमान में अतिरिक्त पहाड़ कटान हेतु वार्ता की जा रही है, ताकि आवागमन सुचारू रूप से चल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

