home page

लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना जरूरी: प्रो. सतपाल बिष्ट

 | 
लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना जरूरी: प्रो. सतपाल बिष्ट


नैनीताल, 29 नवंबर (हि.स.)। कुमाऊँ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल बिष्ट ने रविवार को पंतनगर स्थित डॉ. रतन सिंह सभागार में आयोजित ‘सेव डेमोक्रेसी, रिमूव एनार्की कैंपेन-एमिनेंट सिटीजन्स डायलॉग’ के अंतर्गत ‘राष्ट्र चिंतन संवाद’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं, बल्कि नागरिक सहभागिता, संवैधानिक मूल्यों, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व पर आधारित व्यवस्था है। स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन इसकी आधारशिला हैं और उनकी विश्वसनीयता के लिए मतदाता सूची का शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन होना आवश्यक है।

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रासंगिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे मतदाता सूची की त्रुटियों और विसंगतियों को दूर किया जा सकता है। पुनरीक्षण के दौरान सभी पात्र नागरिकों के नाम सूची में शामिल रहें और कोई भी योग्य मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न हो। उन्होंने नागरिकों से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं का पालन करने और मांगी गई जानकारी व दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहयोग करने की अपील की।

प्रो. बिष्ट ने कहा कि मताधिकार के साथ नागरिकों का कर्तव्य भी है कि वे लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा, संवैधानिक मर्यादाओं और विधि के शासन के प्रति प्रतिबद्ध रहें। मतदाता सूची के पुनरीक्षण में शुद्धता, पारदर्शिता और समावेशिता का ध्यान रखा जाना चाहिए, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अवसर मिले। उन्होंने राष्ट्रहित में जागरूक नागरिक सहभागिता और लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पंतनगर विश्वविद्यालय के एसोसिएट डीन (स्पोर्ट्स) डॉ. त्यागी और चार्टर्ड अकाउंटेंट सक्सेना ने भी विचार रखे। अध्यक्षता बलजीत गाबा ने की और संयोजन राष्ट्र चिंतन संवाद के संयोजक डॉ. संदेश यादव ने किया। संवाद में उपस्थित प्रबुद्ध नागरिकों ने लोकतंत्र की मजबूती, मतदाता जागरूकता, नागरिक दायित्वों तथा निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर विचार-विमर्श किया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी