home page

लापरवाही पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के वेतन आहरण पर रोक

 | 
लापरवाही पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के वेतन आहरण पर रोक


नई टिहरी, 15 अक्टूबर (हि.स.)। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने राजकीय अभिलेखागार नई टिहरी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रिकॉर्ड रूम में नक्शे और अन्य अभिलेखों की प्रतिलिपि लेने आए ग्रामीणों से बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी ली।

वीरवार को डीएम नितिका ने अभिलेखागार पहुंचकर निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि अभिलेखों की प्रतिलिपि लेने के लिए उन्हें बाहर निजी प्रिंटिंग प्रेस में जाना पड़ता है। डीएम ने रिकॉर्ड रूम में प्रिंटर, स्कैनर की व्यवस्था न होने पर नाराजगी जताते हुए तत्काल उपकरण लगाने के निर्देश दिए।

रिकॉर्ड रूम में इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध कराने को भी कहा, ताकि लोगों को कार्यालय में ही अभिलेखों की स्कैन और प्रिंट की हुई प्रतिलिपि मिल सके। डीएम ने अधिकारियों को रिकॉर्ड रूम के बाहर अभिलेखों की स्कैनिंग और प्रिंटिंग के लिए निर्धारित शुल्क की दर सूची चस्पा करने को कहा।

अभिलेखों की फोटोकॉपी के लिए भी लोगों को निजी प्रिंटिंग प्रेस जाना पड़ता है। डीएम ने निजी प्रिंटिंग प्रेस का भी निरीक्षण किया। वहां फोटोकॉपी की दर सूची चस्पा न होने पर नाराजगी जताते सूची लगाने को कहा। पूर्व में रिकॉर्ड रूम के निरीक्षण के दौरान भी प्रिंटर और स्कैनर लगाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इस पर कार्रवाई न होने व निर्देश की अनदेखी पर उन्होंने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगा दी।

कहा कि अभिलेखों की प्रतिलिपि प्राप्त करने के लिए आने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। इस मौके पर वैयक्तिक अधिकारी चंदन शाह, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी डीएस पुंडीर, नाजिर खेम चंद कुमाई मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी