लक्सर में कृषि ऋण के नाम पर किसान से कमीशन मांगने का आरोप
हरिद्वार, 06 अप्रैल (हि.स.)।कृषि ऋण स्वीकृति के नाम पर किसान से 20 प्रतिशत कमीशन मांगने का मामला सामने आया है। किसान यूनियन क्रांति के जिला अध्यक्ष अनिल चौधरी ने इस मामले में उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मोहम्मदपुर बुजुर्ग, तहसील लक्सर निवासी किसान दिलवाग सिंह ने करीब चार माह पूर्व यूनियन बैंक शाखा लक्सर में कृषि ऋण के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि संबंधित फील्ड ऑफिसर द्वारा लगातार किसान को ऋण स्वीकृति के नाम पर 20 प्रतिशत कमीशन की मांग की जा रही है। कमीशन नहीं देने पर ऋण स्वीकृत न करने की धमकी दी गई है, जिससे किसान मानसिक रूप से परेशान है।
किसान यूनियन क्रांति के जिला अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो 7 अप्रैल 2026 को यूनियन बैंक शाखा लक्सर के सामने सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। वहीं उप जिलाधिकारी लक्सर ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

