रैबार सहकारिता की कमान फिर पूनम के हाथ
पौड़ी गढ़वाल, 02 सितंबर (हि.स.)।विकासखंड कार्यालय पौड़ी के सभागार में रैबार स्वायत्त सहकारिता न्याय पंचायत बाड़ा की वार्षिक आम सभा आयोजित की गई। बैठक में समूह महिलाओं की सर्वसम्मति से नई बीओडी का गठन किया गया। अध्यक्ष पद पर एक बार फिर पूनम देवी, कोषाध्यक्ष पद पर पूनम और सचिव पद पर दीपा देवी को चुना गया।
बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और समूह महिलाओं के स्वागत गीत से हुआ। सहकारिता ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की कार्ययोजना की प्रगति प्रस्तुत करते हुए बताया कि ग्रामोत्थान परियोजना के तहत व्यक्तिगत उद्यम के लिए तीन लाख और एक लाख रुपये की परियोजनाओं में 21 लाभार्थियों को 30 प्रतिशत सहयोग राशि दी गई है।
इसके अलावा छह अत्यंत गरीब परिवारों को अल्ट्रा पुअर योजना के तहत प्रति परिवार 35 हजार रुपये की सहायता दी गई। लाभार्थियों को दो वर्ष बाद यह राशि बिना ब्याज के ऋण के रूप में वापस करनी होगी।
जिला ग्रामोत्थान कार्यालय से पहुंचीं कीर्ति गुसाईं ने बताया कि ग्रामोत्थान परियोजना का उद्देश्य समूह से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर बनाना है। सहकारिता की अध्यक्ष पूनम देवी ने बताया कि न्याय पंचायत बाड़ा में जल्द ही नमकीन उत्पादन इकाई शुरू की जाएगी। इसके लिए ग्रामोत्थान परियोजना से सहकारिता को छह लाख रुपये की राशि मिल चुकी है।
बैठक की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी पौड़ी दृष्टि आनंद ने की। उन्होंने समूह महिलाओं को विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर स्वरोजगार से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। कृषि विभाग के अभिजीत ने महिलाओं को पीएम किसान योजना, फसल बीमा योजना और कृषि घेरबाड़ से संबंधित जानकारी दी।
बैठक में ब्लॉक स्टाफ, सीएलएफ और एनआरएलएम स्टाफ मौजूद रहा। नई बीओडी के गठन के बाद उपस्थित कर्मचारियों ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

