राष्ट्रगीत वन्दे मातरम सामूहिक गायन में बड़ी संख्या मे लोगों ने की भागीदारी
ज्योतिर्मठ, 25 सितंबर (हि.स.)। शुक्रवार को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ज्योतिर्मठ के केशव सभागार में 'नमामि भारतम्' कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रगीत वन्दे मातरम् के सामूहिक गायन का आयोजन ठीक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष मुख्य अतिथियों एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य शम्भू प्रसाद चमोला द्वारा दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ किया गया।
कार्यक्रम मे बतौर मुख्य अतिथि चारधाम विकास सलाहकार राज्य मंत्री स्तर माधव प्रसाद सेमवाल, कार्यक्रम की अध्यक्षता हेमकुण्ड साहिब मैंनेजमेंट ट्रस्ट के मुख्य प्रबंधक सेवा सिंह ने की जबकि मुख्य वक्ता श्री बद्रीनाथ धाम के पूर्व धर्माधिकारी आचार्य भुवन चन्द्र उनियाल रहे।
इस कार्यक्रम मे सत्यापन अधिकारी के रूप मे श्री बद्रीनाथ वेद वेदांग संस्कृत महाविद्यालय ज्योतिर्मठ के सहायक प्रवक्ता डॉ आशीष नारायण भट्ट मौजूद रहे। मुख्य वक्ता भुवन उनियाल ने राष्ट्रगीत वन्दे मातरम् के इतिहास एवं उसकी महत्ता के बारे में छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित जनसमुदाय को विस्तार से बताया। इस सामूहिक गायन कार्यक्रम में विद्यालय के 328 विद्यार्थियों एवं 374 अभिभावक एवं अन्य समाज के लोगों द्वारा वन्दे मातरम का सामूहिक गायन किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य शम्भू प्रसाद चमोला ने उपस्थित सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन किया।
इस अवसर पर नगर के गणमान्य व्यक्तियों के साथ विद्यालय के आचार्य भरत सिंह भण्डारी, मनोज बुटोला, चन्द्रकला परमार, आरती, सलोनी, हरेन्द्र नेगी एवं संगीता आदि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण

