home page

रामनगर–देहरादून के मध्य नई ट्रेन को मिली मंजूरी

 | 
रामनगर–देहरादून के मध्य नई ट्रेन को मिली मंजूरी


देहरादून, 03 मई (हि.स.)। गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनिल बलूनी ने उत्तराखंड की रेल सेवाओं में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि साझा करते हुए बताया कि रामनगर से देहरादून के मध्य नई रेलगाड़ी के परिचालन को स्वीकृति मिल गई है।

सांसद ने बताया कि उन्हें केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पत्र से अवगत कराया है कि इस महत्वपूर्ण रेल सेवा के संचालन की मंजूरी मिल गई है। उन्होंने इसके लिए रेल मंत्री का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके द्वारा समय-समय पर उत्तराखंड की जनता की रेल सुविधाओं से संबंधित उठाए गए मुद्दों पर सदैव सकारात्मक और संवेदनशील रुख अपनाया गया है।

सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में रेल सुविधाओं का निरंतर विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि रामनगर–देहरादून रेल सेवा से पहले भी काठगोदाम–देहरादून के बीच ‘नैनी दून एक्सप्रेस’, कोटद्वार से नई दिल्ली रेल सेवा तथा देहरादून से लखनऊ के लिए ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ जैसी महत्वपूर्ण सौगातें प्रदेश को मिल चुकी हैं।

सांसद ने विश्वास व्यक्त किया कि रामनगर–देहरादून रेल सेवा प्रारंभ होने से क्षेत्र के नागरिकों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे न केवल यात्रा का समय कम होगा, बल्कि लोगों के धन की भी बचत होगी और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह स्वीकृति उत्तराखंड के विकास के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है और आने वाले समय में राज्य में रेल नेटवर्क को और सशक्त किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल