home page

राम घाट और कश्यप घाट पर चला विशेष स्वच्छता अभियान, श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाए रखने की अपील

 | 
राम घाट और कश्यप घाट पर चला विशेष स्वच्छता अभियान, श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाए रखने की अपील


हरिद्वार, 27 जून (हि.स.)। तीर्थ नगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान लगातार जारी है। शनिवार को राम घाट एवं कश्यप घाट क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में आपदा प्रबंधन विभाग, आदर्श सेवा समिति, नगर निगम, डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स तथा गंगा सभा के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।

अभियान के दौरान घाटों पर फैले कूड़ा-कचरे को एकत्र कर उसके उचित निस्तारण के लिए नगर निगम को सौंपा गया। प्रशासन का उद्देश्य गंगा स्नान और चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों से अपील की कि तीर्थ नगरी की स्वच्छता बनाए रखने में जिला प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि कूड़ा-कचरा खुले या सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकें, बल्कि नगर निगम एवं जिला प्रशासन द्वारा स्थापित कूड़ेदानों का ही उपयोग करें। अभियान के दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला