यमुनोत्री पैदल मार्ग व क्षतिग्रस्त हुई रेलिंग को तत्काल करें निर्मित
उत्तरकाशी, 13 सितंबर (हि.स.)। मानसून काल के बाद जोर पकड़ने लगी चारधाम यात्रा के तहत रविवार को डीएम प्रशांत आर्य ने यमुनोत्री धाम की यात्रा व्वस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यमुनोत्री पैदल मार्ग के किनारे क्षतिग्रस्त रैलिंग और दीवार के लिए अधीक्षण अभियंता लोनिवि को तत्काल मरम्मत करने व यमुनोत्री धाम तक के लगभग पांच किमी. लंबे पैदल यात्रा मार्ग को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
चारधाम यात्रा के दूसरे चरण के सुगम एवं सुव्यस्थित संचालन को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में हैं।
दो दिवसीय भ्रमण के दौरान रविवार को डीएम ने प्रशांत आर्य ने यमुनोत्री धाम पहुंचकर यात्रा मार्ग से लेकर धाम तक व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। मानसून के दौरान प्रभावित हुए पैदल मार्ग एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक मरम्मत, रखरखाव एवं व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने एएमए जिला पंचायत को घोड़े-खच्चरों के लिए पैदल मार्ग पर चरी की साफ सफाई और गर्म पानी की निरंतर उपलब्धता और यात्रा के दौरान उनसे जुड़ी सभी अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं जानकीचट्टी, खरसाली और पैदल मार्ग पर स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है।
उन्होंने जिला पंचायत व सुलभ इंटरनेशनल को यात्रा मार्ग से कूड़ा और लीद नियमित रूप से हटाने के आदेश दिए। इसके अलावा, सुलभ इंटरनेशनल को शौचालयों की तत्काल मरम्मत, पर्याप्त जलापूर्ति और सतत सफाई सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा श्रद्वालुओं द्वारा विसर्जित की जा रही साड़ियों के निस्तारण के लिए स्थाई समाधान करने के निर्देश देते हुए मंदिर के आसपास गंदगी की सफाई करने की लिए जिला पंचायत को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिये।
श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने एवं चिकित्सकों की तैनाती और आवश्यक दवाईयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यात्रा पैदल मार्ग पर स्थापित फर्स्ट मेडिकल रिस्पॉन्डर स्वास्थ्य मित्रों के कैंपों के दरवाजों को तत्काल बदलवाने के निर्देश दिए।
कहा कि धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाओं के लिए किसी प्रकार की असुविधा न हो। संबंधित विभाग यात्रा अवधि में नियमित रूप से व्यवस्थाओं की निगरानी करते हुए व्यवस्था दुरुस्त रखे।
इस दौरान एसडीएम बृजेश तिवारी, सीओ बड़कोट चंचल शर्मा, विजय कुमार, रामस्वरूप बड़ोनी,एमए जिला पंचायत भावना रावत, परियोजना प्रबंधक रीप कपिल उपाध्याय, पर्यावरण विशेषज्ञ प्रताप मटूडा सहित यमुनोत्री मंदिर समिति सचिव सुनील उनियाल व अन्य समिति सदस्य एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल

