यमुनोत्री धाम में धूमधाम से मनाई गई जन्माष्टमी
उत्तरकाशी, 05 सितंबर (हि.स.)। आस्था और भक्ति से सराबोर यमुनोत्री धाम में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। आराध्य देव सोमेश्वर महाराज की डोली के सानिध्य में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में स्थानीय लोगों के साथ दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन में भाग लेकर माहौल को कृष्णमय बना दिया।
मंदिर समिति की ओर से आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
जन्माष्टमी के अवसर पर यमुनोत्री मंदिर को आकर्षक ढंग से फूलों से सजाया गया था। मंदिर परिसर में दिनभर भजन-कीर्तन का आयोजन होता रहा, जिससे पूरा धाम भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों पर झूमते हुए भगवान श्रीकृष्ण और मां यमुना के जयकारे लगाए।
मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम को लेकर यमुनोत्री धाम में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस मौके मंदिर समिति के सचिव सुनील उनियाल, पुरुषोत्तम उनियाल, मुरलीधर उनियाल रमेश उनियाल, राघवानन्द उनियाल आदि ने कहा कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से यमुनोत्री धाम की आध्यात्मिक परंपराओं और संस्कृति को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
1. यमुनोत्री धाम में धूमधाम से मनाई गई जन्माष्टमी
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल

