home page

मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाएं बेचने वाला गिरफ्तार

 | 
मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाएं बेचने वाला गिरफ्तार


हरिद्वार, 27 फ़रवरी (हि.स.)। ड्रग विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कोतवाली गंगनहर क्षेत्र में चाउमंडी स्थित एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर भारी मात्रा में कोडीन युक्त कफ सिरप, ट्रामाडोल व अल्प्राजोलाम बरामद की हैं। पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

ड्रग निरीक्षक हरीश सिंह व वरिष्ठ औषधि निरीक्षक अनिता भारती को सूचना मिली थी कि पल्स मेडिकल स्टोर पर चाउमंडी में मेडिकल लाइसेंस की आड़ में नशीली दवाओं का अवैध भंडारण और बिक्री की जा रही है। इस पर कोतवाली गंगनहर पुलिस को साथ लेकर संयुक्त टीम ने छापेमारा। तलाशी के दौरान गत्ते के डिब्बों में डायपर के नीचे छिपाकर रखीं नशीली दवाएं बरामद कीं। इन दवाओं में भारी मात्रा में कोडीन फॉस्फेटयुक्त सिरप, ट्रामाडोल एचसीएल टैबलेट्स, ट्रामाडोल इंजेक्शन 16 मिलीलीटर और अल्प्राजोलाम टैबलेट्स हैं। टीम ने मेडिकल स्टाेर

संचालक शुभम कुमार सैनी निवासी ग्राम हद्दीवाला, थाना कलियर काे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मामले में सप्लाई चेन से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला