मेडिकल कॉलेज निर्माण पर स्थिति साफ कर सरकार जल्द करे शिलान्यास
नई टिहरी, 23 अक्टूबर (हि.स.)। नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर बेमियादी आंदोलन लगातार 69 वें दिन भी जारी रहा। वहीं मांग के समर्थन में क्रमिक अनशन 53 वें और भाजपा नेता जीतराम भट्ट का सत्याग्रह 84 वें दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को बौराड़ी के गणेश चौक पर आयोजित धरना व क्रमिक अनशन में स्थानीय लोगों ने सरकार से यहां तत्काल मेडिकल कालेज निर्माण का जीओ जारी करने की मांग की।
भरत सिंह रावत, महावीर प्रसाद उनियाल, भगवान सिंह रावत, शिवराज सजवाण, संदीप रावत, लखवीर चौहान, राजेंद्र सिंह, चंदन सिंह रावत, राहुल बुटोला, उपेंद्र सकलानी ने सत्याग्रह करते हुए कहा कि टिहरी और उत्तरकाशी जिलों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने को उक्त मांग पूरी होनी चाहिए।
उन्होंने सरकार से मेडिकल कॉलेज के निर्माण को लेकर स्थिति स्पष्ट करने और जल्द शिलान्यास करने की मांग की। संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक डॉ. आरबी गोदियाल के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन को विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों का समर्थन मिल रहा है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, जिला पंचायत सदस्य दर्शनी रावत, टीएस पुंडीर, सामाजिक कार्यकर्ता महीपाल नेगी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल, प्रदेश महामंत्री विजय गुनसोला, राकेश राणा, शहर अध्यक्ष कुलदीप पंवार, पूर्व पालिकाध्यक्ष सीमा कृषाली, व्यापार मंडल अध्यक्ष भगवान सिंह रावत, नरोत्तम जखमोला, कमल सिंह महर, सीपी डबराल, देवेंद्र नौडियाल, डॉ. यूएस नेगी, विजय रावत, सुरेंद्र मखलोगा, अनुसूया नौटियाल ने समर्थन दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

