home page

मुख्यमंत्री ने पौड़ी में सड़क और पुल निर्माण के लिए मंजूर किए 6.76 करोड़

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 14 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद पौड़ी गढ़वाल के पौड़ी और कोटद्वार विधानसभा क्षेत्रों में सड़क एवं पुल निर्माण से जुड़ी दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए कुल 6.76 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से संबंधित क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर होने के साथ ही आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होगा।

पौड़ी विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड कल्जीखाल में कांसखेत-असगढ़-घंडियालधार-अलासू-कुनकुली मोटर मार्ग के किलोमीटर 13 से 17 के मध्य सुधारीकरण कार्य के लिए 3.45 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। सड़क के सुधारीकरण से क्षेत्र के ग्रामीणों एवं स्थानीय लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलने के साथ आवागमन में सुगमता आएगी।

वहीं, कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड दुगड्डा के अंतर्गत गब्बर सिंह कैंप, कोटद्वार में 36 मीटर स्पान डबल लेन सेतु के निर्माण के लिए 3.31 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। पुल के निर्माण से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

मुख्यमंत्री की ओर से स्वीकृत इन दोनों परियोजनाओं को जिले की सड़क एवं पुल अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। परियोजनाओं के निर्माण एवं सुधारीकरण से पौड़ी और कोटद्वार विधानसभा क्षेत्रों के लोगों को दीर्घकाल में बेहतर, सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था का लाभ मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह