home page

मुक्तेश्वर में बेलगाम निर्माण पर मंडलायुक्त सख्त, अवैध भवनों की जांच के निर्देश

 | 
मुक्तेश्वर में बेलगाम निर्माण पर मंडलायुक्त सख्त, अवैध भवनों की जांच के निर्देश


नैनीताल, 06 मार्च (हि.स.)। कुमाऊं मंडल के आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने नैनीताल जनपद के मुक्तेश्वर क्षेत्र में तेजी से हो रहे बहुमंजिला भवनों और रिसॉर्टों निर्माणों पर गंभीर चिंता जताते हुए संभावित अवैध निर्माणों की जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया कुछ निर्माण कार्य भू-कानून की भावना के विपरीत प्रतीत हो रहे हैं और योजनाओं के दुरुपयोग की आशंका भी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र भ्रमण के दौरान आयुक्त ने पाया कि कुछ लोग समूह बनाकर बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य कर रहे हैं और साथ ही होम स्टे योजना का लाभ भी लिया जा रहा है। आयुक्त ने इसे गंभीर विषय बताते हुए कहा कि इस प्रकार के निर्माणों से भू-कानून का दुरुपयोग होने की संभावना है। उन्होंने जिलाधिकारी नैनीताल और जिला विकास प्राधिकरण को निर्देश दिए कि मुक्तेश्वर क्षेत्र में बन रही सभी बहुमंजिला इमारतों और रिसॉर्टों की जांच कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि जांच में नियमों के उल्लंघन या अनियोजित निर्माण की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा भविष्य में इस प्रकार के निर्माणों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी