home page

मिशन शक्ति के तहत किशोर-किशोरियों को बताए सुरक्षा और कानूनी अधिकार

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 13 अक्टूबर (हि.स.)।राजकीय इंटर कॉलेज धुमाकोट में मंगलवार को जिला प्रशासन एवं महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। मिशन शक्ति के अंतर्गत आयोजित कार्यशाला में किशोर-किशोरियों को महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासिका लक्ष्मी रावत ने विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों, महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी दी। उन्होंने महिला एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाली हिंसा और उत्पीड़न की पहचान करने, ऐसी घटनाओं से बचाव तथा जरूरत पड़ने पर सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में बताया।

उन्होंने कहा कि हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में चुप रहने के बजाय उचित माध्यम से शिकायत करनी चाहिए और उपलब्ध सहायता सेवाओं का लाभ उठाना चाहिए।

कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा से जुड़े कानूनों और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। कार्यशाला का उद्देश्य किशोर-किशोरियों में सामाजिक एवं कानूनी समझ विकसित करने के साथ उन्हें सुरक्षित वातावरण के प्रति जागरूक करना रहा।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य दर्शन कुमार, प्रवक्ता आरती रावत, पूनम, अनिल भारती, मदन सिंह नेगी, विपिन कुमार, विकास कुमार, संगीता ध्यानी, अजय पाल, रणजीत सिंह, राजपाल सिंह, प्रशांत कुमार, हर्ष कुमार, कुसुमलता एवं जीवन चंद्र परेरू सहित विद्यालय के शिक्षक और अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह